धराली पहुंचते ही माहौल भावुक हो गया, जब चिकित्सा स्टाफ व महिलाओं ने स्वास्थ्य सचिव को राखी बांधकर अपना स्नेह और विश्वास जताया। डॉ. राजेश कुमार ने सभी को आश्वासन दिया “स्वास्थ्य विभाग आपके साथ खड़ा है, जरूरत पड़ी तो चौबीसों घंटे यहां रहेंगे।”
राहत व बचाव मोर्चे का जायजा, जवानों के साथ किया भोजन
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सचिव ने SDRF, NDRF और ITBP के जवानों से मुलाकात कर उनके जज़्बे की सराहना की। उन्होंने SDRF जवानों के साथ दोपहर का भोजन किया और कहा कि कठिनतम परिस्थितियों में भी आपकी सेवा भावना अद्वितीय है।
घायलों से मुलाकात, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की गारंटी
धराली में घायल और बीमार लोगों से मिलकर स्वास्थ्य सचिव ने भरोसा दिलाया कि सभी बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएं तुरंत और निरंतर उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने भविष्य में इस क्षेत्र के लिए दीर्घकालिक स्वास्थ्य योजना तैयार करने की घोषणा की, ताकि आपदा जैसी परिस्थितियों में किसी को भी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भटकना न पड़े।
राहत शिविरों का निरीक्षण और स्वास्थ्य परीक्षण
धराली पहुंचने से पहले डॉ. आर. राजेश कुमार ने चिन्यालीसौड़ हेलीपैड और मातली स्थित ITBP राहत शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां यात्रियों और आपदा प्रभावित लोगों से संवाद कर उनका हालचाल जाना। शिविरों में स्वास्थ्य परीक्षण व्यवस्थाओं को परखा और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान शिविर में मौजूद महिला स्वास्थ्यकर्मियों ने भी उन्हें राखी बांधी। स्वास्थ्य सचिव ने कहा त्योहार पर अपने घर से दूर रहकर सेवा में जुटी हमारी टीम का यह समर्पण अविस्मरणीय है।
24 घंटे तैनात स्वास्थ्य टीमें
स्वास्थ्य विभाग ने चिन्यालीसौड़ से धराली तक विशेषज्ञ डॉक्टरों के नेतृत्व में कई स्वास्थ्य टीमों की तैनाती की है, जो लगातार 24 घंटे लोगों के स्वास्थ्य की जांच, उपचार और सहायता में जुटी हैं। जिला चिकित्सालय में भी स्वास्थ्य सचिव ने आपदा में घायल मरीजों का हालचाल लिया और प्रमुख अधीक्षक को निर्देश दिए कि किसी भी मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने में कोई कमी न रहे।
इस मौके पर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य गढ़वाल मंडल डॉ. सी.पी. त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एस. रावत, राज्य नोडल अधिकारी डॉ बिमलेश जोशी, प्रमुख अधीक्षक डॉ. पी.एस. पोखरियाल, नोडल अधिकारी चिन्याली डॉ. विनोद कुकरेती एवं नोडल अधिकारी मातली डॉ. बी.एस. पांगती मौजूद रहे।

More Stories
चमन लाल महाविद्यालय में विश्व जल दिवस के उपलक्ष्य में पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन, छात्राओं को विश्व जल दिवस की जानकारी देना एवं जल बचाओ के लिए जागरूक करना मुख्य उद्देश्य– डॉ नीतू गुप्ता
बाबा साहेब भीम राव अम्बेडकर के सपनों का भारत बनाने का कार्य कांग्रेस निरंतर करती रही है,करती रहेगी – राजेंद्र गौतम
मुख्यमंत्री ने प्रदान की विभिन्न विकास योजनाओं के लिए ₹ 256 करोड की वित्तीय स्वीकृति