February 11, 2026

तिब्बती मार्केट के पास अज्ञात हमलावरों ने एक व्यक्ति की दिनदहाड़े गोली मारकर की हत्या, अमरदीप गैस एजेंसी का स्वामी था मृतक अर्जुन शर्मा

देहरादून

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून का पॉश इलाका बुधवार सुबह गोलियों की गुंज से थर्रा उठा। कोतवाली डालनवाला क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध तिब्बती मार्केट के पास अज्ञात हमलावरों ने एक व्यक्ति की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान जीएमएस रोड स्थित “अमरदीप गैस एजेंसी” के स्वामी अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है।

​पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह वारदात आज सुबह करीब 10:30 बजे हुई। अर्जुन शर्मा जब तिब्बती मार्केट के समीप थे, तभी स्कूटी पर सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से अर्जुन शर्मा लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। सूचना मिलते ही डालनवाला पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल दून अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

​शुरुआती जांच और पारिवारिक विवाद

​वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं ।
मृतक का अपने परिवार के साथ व्यवसाय को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। विवाद इतना गंभीर था कि मृतक की माता ने खुद अपने पुत्र (अर्जुन शर्मा) से जान का खतरा बताते हुए उच्च न्यायालय से सुरक्षा की मांग की थी और उन्हें सुरक्षा प्रदान भी की गई थी। “प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक संपत्ति और व्यवसायिक विवाद से जुड़ा लग रहा है। हम सभी कोणों से जांच कर रहे हैं।”

​एसएसपी देहरादून ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न टीमों का गठन किया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी स्कूटी से फरार हो गए, जिनकी पहचान के लिए क्षेत्र के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पूरे जनपद में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मृतक के करीबियों और चश्मदीदों से पूछताछ कर रही है।
​शहर के बीचों-बीच हुई इस दुस्साहसिक वारदात से स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आम जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है और किसी भी संदिग्ध सूचना को तुरंत साझा करने का आग्रह किया है।

About Author