
देहरादून: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल की ओर से जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान के बाद जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। जनपद देहरादून में 18 जुलाई (शनिवार) को कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अशासकीय, निजी विद्यालयों तथा समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण डॉ. आशीष चौहान द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान जनपद में कई स्थानों पर भारी से बेहद भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना व्यक्त की गई है। संभावित आपदा और जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
आदेश के तहत मुख्य शिक्षा अधिकारी, देहरादून तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि वे जनपद के सभी शैक्षणिक संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश संबंधी आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराएं।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों से मौसम को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी आपात स्थिति में सतर्क रहें और मौसम विभाग की आधिकारिक चेतावनियों पर नजर बनाए रखें।
भारी वर्षा की आशंका के मद्देनज़र जिला प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

More Stories
देहरादून महायोजना-2041 को जनसुझावों की नई दिशा, नवें दिन यूनिवर्सिटी ऑफ पेट्रोलियम एंड एनर्जी स्टडीज स्थित सैक्टर 9 में उमड़ी भागीदारी, विकास और पर्यावरण के संतुलन पर जोर
सार्वजनिक स्थान पर हुडदंग कर शान्ति व्यवस्था प्रभावित करने वाले 4 युवकों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
रानीखेत में मल्टीलेवल पार्किंग परियोजनाओं को मिली गति, शासन ने मांगी संशोधित रिपोर्ट, जाम से राहत के लिए दो पार्किंग परियोजनाओं पर मंथन