देहरादून
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने शुक्रवार को राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) पहुंचकर जनपद चमोली के पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी टनल में हुई घटना के उपरांत संचालित राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने टनल के भीतर लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे सर्च एवं रेस्क्यू अभियान, घायलों के उपचार तथा घटनास्थल पर संचालित अन्य राहत कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।
अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशासन प्रकाश चंद्र तथा अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रियान्वयन डीआईजी श्री राजकुमार नेगी ने मंत्री को राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। मा. मंत्री ने घायलों के उपचार की स्थिति की जानकारी लेते हुए उनके समुचित उपचार एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मृतकों के शवों को पूरे सम्मान के साथ उनके गृह क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि आपदा की इस कठिन घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावितों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर चुके हैं तथा अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल भी जाना है। सरकार का प्रयास है कि प्रभावितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए और राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर कमी न रहे।
मंत्री ने कहा कि राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के माध्यम से सभी जनपदों के साथ लगातार प्रभावी एवं उच्चस्तरीय समन्वय बनाए रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फील्ड में अधिकारी एवं राहत-बचाव दल 24×7 मुस्तैद रहें और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मौसम, नदियों के जलस्तर तथा संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति पर निरंतर नजर रखी जाए और किसी भी संभावित जोखिम की स्थिति में समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जाए।

More Stories
लोगों को भरोसे में लेकर लाखों रुपए की धोखाधड़ी करने वाला जालसाज़ आया दून पुलिस की गिरफ्त में, पुलिस ने अभियुक्त को लुधियाना पंजाब से किया गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर वायरल होने का शौक दून पुलिस ने किया पूरा, सड़क पर लापरवाही से वाहन चलाकर हुड़दंग करने वाले 8 युवको के विरुद्ध की वैधानिक कार्यवाही,वाहन सीज
पुष्कर सिंह धामी सरकार के कार्यकाल में सबसे बड़ा लाभार्थी बना युवा वर्ग, रिकॉर्ड सरकारी नौकरियों के बाद युवाओं के लिए कौशल और उद्यमिता पर जोर