देहरादून
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने देहरादून के गुनियालगांव स्थित निर्माणाधीन सैन्यधाम पहुंचकर निर्माण कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्यों को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मीडिया से बातचीत के दौरान सैनिक कल्याण मंत्री ने बताया कि 09 नवम्बर को राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सम्भावित उत्तराखण्ड दौरे के मौके पर सैन्यधाम का लोकार्पण भी प्रस्तावित है।
इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सैनिकों के सम्मान में विशाल सैन्यधाम जल्द बनकर तैयार होगा। उन्होंने कहा कि यह सैन्य धाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना और धामी सरकार के संकल्प का परिणाम है, जिसे पूरा करने का सौभाग्य उन्हें मिला है। देशभर में विभिन्न स्मारकों का अध्ययन करने के बाद सैन्यधाम को सबसे बेहतर बनाया है। उन्होंने बताया कि भारत की सेना में दो सैनिकों की पूजा होती है, जिनमें बाबा हरभजन सिंह और बाबा जसवंत सिंह है। सैन्य धाम में एक म्यूजियम, थियेटर और लाइट एंड साउंड शो की व्यवस्था होगी, जिसके माध्यम से शहीदों की वीरता के चित्र और गाथाएं प्रदर्शित की जाएंगी। मंत्री जोशी ने कहा कि लोकार्पण के बाद जिस प्रकार लोग चार धाम के दर्शन करने जाते हैं, वैसे ही लोग हमारे वीर सपूतों को श्रद्धांजलि देने और उनकी गाथा जानने के लिए सैन्यधाम को देखने जरूर आएंगे। निरीक्षण के दौरान नक्षत्र वाटिका की स्थापना सहित अन्य निर्माण कार्याे को प्राथमिकता पर करने के निर्देश दिये गये।
निरीक्षण के दौरान सैनिक कल्याण विभाग के सचिव दीपेन्द्र चौधरी, जीओसी उत्तराखण्ड सब एरिया मेजर जनरल एमपीएस गिल, डिप्टी जीओसी बिग्रेडियर राम सिंह थापा, पूर्व जीओसी मेजर जनरल सम्मी सभरवाल (सेनि), अपर सचिव एवं निदेशक सैनिक कल्याण श्याम सिंह सहित सैनिक कल्याण विभाग, पेयजल विभाग, प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

More Stories
रानीपोखरी में 8 से 10 बीघा भूमि पर अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त, प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई, उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी बोले—अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
संदिग्धों की तलाश हेतु अलग अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने चलाया सत्यापन अभियान, 21 संदिग्ध व्यक्तियों को लाया गया थाने, की जा रही पूछताछ
जनपद में प्रस्तावित वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत उच्चाधिकारियों द्वारा सुरक्षा में नियुक्त पुलिस बल को किया ब्रीफ